चंदौसी में कड़ाके की सर्दी में कोहरे के बीच गुजरते लोग।
- फोटो : CHANDAUSI
संभल। संभल में शनिवार को सर्दी का चौतरफा असर था। अधिकतर बाजार खाली नजर आए। ग्रामीण क्षेत्र से ग्राहक बहुत कम पहुंचे। सरकारी दफ्तरों और पुलिस थानों में भी सन्नाटा खिंचा था। इतनी सर्दी में फरियादी भी नहीं पहुंच रहे हैं। सरकारी कर्मचारी अपने लंबित काम निपटा रहे हैं। जबकि पुलिस थाने खाली पड़े हुए हैं। वहीं, संभल में सतर्कता के लिए तैनात पुलिस बल अलाव के सहारे अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रहे हैं।
दस दिनों से सर्दी बहुत ज्यादा है। सर्दी के चलते सरकारी, गैरसरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बाजारों में ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। सीओ के दफ्तर में लोग बहुत कम पहुंचे। एसडीएम अपने कार्यालय में लंबित काम निपटा रहे थे। क्योंकि आम जनता बहुत कम संख्या में पहुंची। लोगों को मौसम साफ होने और सर्दी घटने का इंतजार है।
इस बीच सर्दी को देखते हुए नगर पालिका ने संभल नगर में कई स्थानों पर अलाव लगवाए हैं। लेकिन नगरवासियों का कहना है कि मुख्य स्थानों के अलावा अन्य स्थानों पर अलाव नहीं लगाया जा रहा है। जबकि गली मोहल्लों में भी अलाव की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिल सके।
इसी क्रम में रोडवेज बस अड्डा में यात्रियों के ठहरने के लिए आश्रय स्थल बनाया गया है जिसमें रजाई गद्दे की व्यवस्था है। अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों और बस अड्डों पर नगर निकायों को अलाव के लिए आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। सर्दी के बचाव के लिए जरूरतमंदों को कंबल भी दिए जा रहे हैं। अब तक 650 कंबल बांटे जा चुके हैं।