ऐंचोड़ा कंबोह में श्री कल्कि महोत्सव की शुरूआत एक नवंबर की सुबह आठ बजे यज्ञ के साथ होगी। हर दिन आठ से दस बजे तक 108 कुंडीय संकटमोचन महायज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी। दोपहर में बाल विदुषी राधिका द्वारा कृष्ण कथा में प्रवचन होगा। शाम को सांस्कृतिक संध्या में इस बार विशेष व्यवस्थाएं कराए जाने का दावा किया गया है। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह पहुंचे।
आचार्य प्रमोद कृष्णम भी कल्कि महोत्सव के प्रांगण में पहुंचे और तैयारियों की रूपरेखा जानी। मालूम हो कि ऐंचोड़ा कंबोह में हर वर्ष होने वाले कल्कि महोत्सव में कई राज्यों से धार्मिक, ग्लैमर और सियासत जगत की हस्तियां भाग लेतीं हैं। एक ओर इनकी सुरक्षा का जिम्मा प्रशासन के पास है तो वहीं, आयोजन को संपन्न कराने के लिए स्थानीय स्तर पर भी वॉलंटियर लगाए जाते हैं। कल्किधाम के प्रवक्ता पंकज चाहल ने बताया कि इस बार सुरक्षा की दृष्टि से चार टॉवर लगाए जाएंगे। सीओ ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से उन्होंने जानकारी हासिल की है। इस दौरान थानाध्यक्ष पुष्कर मेहरा भी मौजूद रहे।