मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिलारी में कहा कि जनता की ताकत के साथ हम हर असंभव काम को संभव कर रहे हैं। दूसरे चरण के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जनता का लगातार आशीर्वाद मिल रहा। जब चार जून को ईवीएम खुलेंगे तब एक बार फिर मोदी सरकार का सपना साकार हो जाएगा।
मोदी के नाम और उनके काम पर जो आशीर्वाद भाजपा के प्रत्याशियों को प्राप्त हो रहा है वह अभिभूत करने वाला है। जब लोग पूछते हैं कि देश के अंदर आखिरकार चार सौ पार का नारा क्यों लग रहा है। सीएम ने कहा कि यह नारा इसलिए कि मोदी सरकार ने 10 वर्ष में देश की तस्वीर और तकदीर को बदलने का काम किया है।
2004 से 2014 तक कांग्रेस नेतृत्व की यूपीएस सरकार के समय दुनिया के अंदर देश की पहचान का संकट था। तब हमारी सीमाएं सुरक्षित नहीं थी, आतंकवाद चरम पर था और नक्सलवाद देश के अंदर तेजी के साथ फैल रहा था। उस दौरान आतंकी कहीं भी विस्फोट करके निर्दोषों को मार देते थे।
कांग्रेस की सरकार के दौरान देश के अंदर विकास कार्य ठप होने के साथ भ्रष्टाचार चरम पर था। गरीबों के हक पर डकैती डालने का कार्य होता था। इसी तरह प्रदेश में सपा और बसपा के समय लोग भूख से मरते थे। आज 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त हो रहा है।
भाजपा सरकार में 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के फ्री चिकित्सा सुविधा मिल रही है। भाजपा चेहरा देखकर योजना का लाभ नहीं देती। हमारा मंत्र सबका साथ और सबका विकास है। कहा कि पीएम मोदी के लिए 140 करोड़ लोग ही उनका परिवार है।
कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी ने अपने परिवारों के लिए खूब धन कमाया लेकिन गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया। वर्तमान में कांग्रेस और सपा का जो इंडी गठबंधन है उसमें वह गरीबी हटाने की बात करते थे।
जब पूछा जाता है कैसे हटाएंगे कोई जवाब नहीं मिलता। गरीबी गरीबी हटाओ का नारा इंदिरा गांधी ने 1970 में दिया था। उन्होंने कहा कि वह गरीबी नहीं हटा सकी लेकिन अब नाती भी वही रट लगाए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "जो लोग हिंदुस्तान का खाते हैं, जो ये मानते हैं उनके पूर्वज हिंदुस्तानी हैं उनके आने वाली पीढ़ी को हिंदुस्तान में ही रहना है।
उनको सोचना होगा उनका वोट उन विषधरों को नहीं जाना चाहिए जो लोग भारत माता जय जयकार करने में संकोच करते हों। उनको आपका वोट कतई नहीं जाना चाहिए। जो लोग वंदे मातरम का गायन करने में संकोच करते हैं उनको आपका वोट जाने का मतलब आपके द्वारा देश के खिलाफ साजिश रचने वालों को सम्मान देने का कार्य हो रहा है।
कांग्रेस तुम्हारी संपत्ति पर कब्जा कर घुसैपठियों को बांटना चाहती है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, सपा, बसपा पर खूब निशाना साधा। कांग्रेस को देश की जनता का विरोधी बताया। कहा कि उनके घोषणा पत्र के अनुसार कांग्रेस तुम्हारी संपत्ति का सर्वे कराएगी और आधी संपत्ति पर कब्जा कर लेगी। बाद में इसी संपत्ति को घुसपैठियों में बांट देंगे। कहा कि यूपीए सरकार में आतंकवाद, नक्सलवाद चरम पर था। 2014 के बाद विकास बढ़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिलारी के राम रतन इंटर कॉलेज के मैदान पर चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
....यानी गोकशी की छूट दी गई
सीएम ने कहा कि इंडिया गठबंधन के घोषणा पत्र की दूसरी अहम बात यह है कि अल्पसंख्यकों को उनका मन पसंद खाना खाने की स्वतंत्रता दी गई है यानी गोकशी की छूट दी गई है। जिस गाय को हम माता कहते हैं, उसे यह कसाई को काटने के लिए देंगे। सीएम योगी ने कहा कि पिछले दस साल में मोदी सरकार ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। भारत का दुनिया में सम्मान बढ़ा हैं। उन्होंने यूपीए सरकार व उनकी सहयोगी पार्टियों पर निशाना साधा। कहा कि पुलवामा हमले के शहीद जवानों की शहादत का बदला घर में घुसकर लिया।
चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न भाजपा सरकार ने दिया
देश में आईआईटी, एक्सप्रेस, नेशनल हाईवे, आईआईएम, विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय, एनआईटी तेजी के साथ बनाए हैं। कहा कि सपा बसपा के शासन में गरीब भूखे मरता था। अब सभी को राशन मुफ्त दिया जा रहा है। सरकारी योजनाएं गिनाई और कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, मजदूर, महिला, नौजवान सभी का सम्मान किया है। किसान के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न भाजपा सरकार ने दिया।
सुना है भाई-बहन दर्शन को जाना चाहते हैं अयोध्या
बिलारी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का नाम लिए बिना दोनों पर कटाक्ष किया। कहा कि सुना है, अब भाई-बहन दर्शन के लिए अयोध्या जाना चाहते हैं। उनकी सरकार थी, तो उन्होंने राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। कहा था कि राम तो हुए ही नहीं है। ये धोखेबाज हैं। फिर से धोखा दे देंगे।