ओबरी/संभल। असमोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात उत्तराखंड से बोरंग से भरे ट्रक में सड़क किनारे लगाते समय उच्च शक्ति की लाइन से टकराने से उसमें करंट प्रवाहित हो गया। जैसे ही चालक को क्लीनर ने इशारे के लिए ट्रक में हाथ मारा तो वह करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आए क्लीनर को छटपटाता देख चालक ने लाठी के सहारे ट्रक से अलग किया। हादसे की सूचना चालक ने क्लीनर के परिजनों को दी तो रात में ही परिजन इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव चंदवार की मढै़यो निवासी मोहम्मद सालिम (18) पुत्र फरजंद अली शुक्रवार की दोपहर गांव के ही मोहम्मद इमरान के साथ उत्तराखंड के काशीपुर से बोरंग लेने के लिए गया था। बोरंग से भरा ट्रक लेकर रात करीब 1 बजे वह वापस अपने गांव लौटे। बोरंग लदे ट्रक को मनोटा चौधरपुर मार्ग से ओबरी संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा कर रहे थे तो ऊपर से गुजर रही उच्च शक्ति की लाइन से टकरा गया।
उच्च शक्ति की लाइन से ट्रक के टकराने का न तो चालक को आभास हुआ और न ही क्लीनर को हुआ। इसी दौरान ट्रक को सही से खड़ा होने का इशारा करने के लिए क्लीनर ने बॉडी में हाथ मारा तो युवक ट्रक में उतरे उच्च शक्ति के करंट की चपेट में आ गया। चालक जैसे ही ट्रक से नीचे उतरा तो क्लीनर को बॉडी से चिपके हुए छटपटाता देख उसने लाठी की मदद से युवक को अलग किया। सूचना युवक के परिजनों को दी तो वह मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह युवक के शव को परिजनों ने गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक खाक कर दिया।