घटना स्थल पर मौजूद पुलिस वाले।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे आसरा आवास में अपनी नानी के घर आई जिला हाथरस के गांव गंगचोली की रहने वाली 15 वर्षीय चंचल उर्फ आरती ने कमरे में साड़ी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। मृतका की नानी ने बताया कि पेपर छूटने के कारण वह कक्षा नौ में फेल गई थी। इस कारण तनाव में थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगचोरी निवासी गुड्डू की बेटी चंचल उर्फ आरती कक्षा नौ की छात्रा थी। चंचल के पिता हलवाई हैं और शादी विवाह समारोह में काम करते हैं। करीब आठ दिन पहले चंचल अपने घर से गुन्नौर में रजिस्ट्री कार्यालय के नजदीक आसरा आवास में रह रही अपनी नानी माया देवी के घर आई थी। उसकी नानी घरों में काम करती है। दो दिन पहले चंचल की मौसी प्रिया अपने गांव लहरा से दवाई लेने चली गई थी।
शनिवार को उसकी नानी मायादेवी सुबह करीब आठ बजे घरों में काम करने गई थी। चंचल घर पर अकेली थी। काफी देर तक घर का दरवाजा न खुलने पर आसपास के लोगों ने घर के अंदर देखने का प्रयास किया। पर अंदर से दरवाजा बंद था। लोगों ने एक बच्चे को बाहर का शीशा तोड़कर घर के अंदर देखने को कहा। बच्चे ने खिड़की से अंदर झांका तो चंचल कमरे की छत में लगे पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर लटकी हुई थी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर चंचल के शव को नीचे उतारा। सूचना पर चंचल की नानी और मौसी वापस आ गई। पुलिस ने मृतक चंचल के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।