जुनावई। थाना क्षेत्र के गांव कादराबाद के बाजार में एक मेडिकल स्टोर पर बाइक खड़ी करने के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रविवार शाम आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने मेडिकल स्टोर में घुसकर दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
कादराबाद निवासी उदयवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई जुगल किशोर के मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गए थे। बाइक खड़ी करने की बात को लेकर सुरेश, पप्पू, गणेश, प्रमोद, सुनील, आशा, कांति और एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। उदयवीर के सिर पर धारदार हथियार से चोट आई और दाहिने कान के पर्दे पर लोहे की रॉड लगने से गंभीर घाव हुआ। जुगल किशोर के सिर पर भी रॉड से वार किया गया। मारपीट में उदयवीर बेहोश होकर गिर पड़े।
थानाध्यक्ष धीरज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा धारदार हथियार से जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।