नगर के काली मंदिर रोड पर नगर पालिका परिषद सुंदरीकरण के तहत करीब चौदह लाख रुपये की लागत से प्रतिमा स्थापित कराए जाने समेत प्रकाश व्यवस्था कराएगी। इस बीच डिवाइडर को दुरुस्त कराकर पौधरोपण भी किया जाएगा।
नगर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र बादशाह ने बताया कि नगर में काली मंदिर रोड पर वार्ष्णेय इंटर कालेज के सामने नगर पालिका परिषद की ओर से सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसमें एक प्रतिमा स्थापित करने समेत आसपास रेलिंग व प्रकाश व्यवस्था भी रहेगी। एनएच से काली मंदिर के निकट तक सड़क पर बने डिवाइडर को दुरुस्त कराकर स्ट्रीट लाइटें व पौधे लगवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि करीब चौदह लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले सुंदरीकरण के लिए स्टीमेट तैयार हो गया है। टेंडर की प्रक्रिया गतिमान है। माह नवंबर के अंतिम सप्ताह तक सुंदरीकरण का कार्य पूरा कराए जाने का प्रयास है। पालिकाध्यक्ष का कहना था कि सुंदरीकरण से काली मंदिर समेत आसपास का इलाका जगमग होगा।