बहजोई (संभल)। समान कार्य समान वेतन समेत चार सूत्री मांगों को लेकर जिलेभर के सीएचओ शनिवार को सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। बाद में कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च करने के बाद एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे जिलेभर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सीएचओ सीएमओ दफ्तर पर पहुंचे और मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। अध्यक्ष सचिन का कहना था कि सभी सीएचओ चार सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। इनमें समान कार्य के आधार पर समान वेतन दिया जाए। वहीं निकटवर्ती राज्यों मध्य प्रदेश, हरियाणा, बिहार, मेघायल व मणिपुर की तरह 4800 ग्रेड के मुताबिक वेतन निर्धारण व महंगाई भत्ता दिया जाए। महाराष्ट्र व राजस्थान की तरह नियमित कैडर, छह वर्ष पर नियमितिकरण का लाभ दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। सभी सीएचओ को स्वैच्छिक स्थानांतरण का लाभ दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों पर लागू होने तक एएमएस सीएचओ से हटाया जाए आदि मांगें शामिल हैं। इसके बाद सभी सीएचओ सीएमओ दफ्तर से पैदल मार्च शुरू कर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट तक पहुंचे। यहां सभी सीएचओ ने एडीएम प्रदीप वर्मा को ज्ञापन दिया और वापस सीएमओ दफ्तर पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। इस बीच महामंत्री हनी गुप्ता समेत मोहित, पवन, अखिल, नसीम, नीरज, जनक व हेमंत कुमार आदि रहे।