संभल। नगर के मोहल्ला कबीर की सराय निवासी अमीरचंद (30) की शुक्रवार को गला दबाकर और ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह श्मशान घाट के पास युवक का शव पड़ा मिला। एएसपी व सीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मोहल्ला कबीर की सराय निवासी रामकृपाल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम उनका बेटा अमीरचंद घर से मजदूरी पर जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन शाम को घर नहीं आया। उन्होंने तलाश की तो पता चला कि श्मशान घाट के पास बने कमरे में रहने वाले कबीर की सराय निवासी रामकिशन ने उसे बुलाया था। उन्होंने रामकिशन से जानकारी की तो उसने सही जवाब नहीं दिया। शनिवार की सुबह उनके बेटे का शव श्मशान घाट के पास कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज चौधरी और कोतवाल अनुज तोमर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि तीन-चार दिन पहले रामकिशन, दलवीर, मनोज और गुड्डू का उनके बेटे से विवाद हुआ था। जिसकी रंजिश में चारों ने उसके बेटे की गला दबाकर और ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें रामकिशन, दलवीर, मनोज और गुड्डू को आरोपी बनाया है। मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मृतक तीन बहनों और चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। दैनिक मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था।
0000
कोट
नामजद आरोपी हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अभी तक की पूछताछ में मामूली विवाद की रंजिश में हत्या करने की बात सामने आ रही है। -श्रीश्चंद्र, एएसपी, संभल।