चंदौसी। बारिश और उमस के बीच बच्चों में पेट संबंधी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। दूषित पानी और बाहर के अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के सेवन से बच्चे उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। सीएचसी में प्रतिदिन 50 से 60 बच्चे पेट संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सक अभिभावकों से बच्चों को बाहर का खाना खिलाने से बचने और घर का ताजा व पौष्टिक भोजन देने की सलाह दे रहे हैं।
इन दिनों सीएचसी में प्रतिदिन 800 से 1000 के बीच मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुखार, खांसी, जुकाम, बदन दर्द और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल हैं। वहीं, रोजाना 50 से 60 बच्चे पेट संबंधी समस्याएं जैसे उल्टी, दस्त, पेट दर्द और अपच की शिकायत लेकर सीएचसी पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने बताया कि बारिश के मौसम में दूषित पानी और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बच्चों में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। छोटे बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होने के कारण वह जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बच्चों में पेट संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में अभिभावक बच्चों को ताजा और घर का बना भोजन ही दें। बाहर के खुले खाद्य पदार्थ और दूषित पानी से बचाएं। बच्चों को पर्याप्त मात्रा में साफ पानी पिलाएं, हाथ धोने की आदत डालें और उल्टी, दस्त या तेज पेट दर्द की शिकायत होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। समय पर उपचार कराने से संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सकता है।