संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव धुरैटा में तीन वर्षीय मासूम बालक की शौचालय के निर्माणाधीन टैंक में डूबने से मौत हो गई। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। परिजन चिकित्सक के पास लेकर दौड़े जहां मृत होने की पुष्टि की।
मंगलवार की रात पौने आठ बजे करीब गांव धुरैटा निवासी कुंवरपाल सैनी के तीन वर्षीय बेटे हिमांशु सैनी की उनके मकान में स्थित शौचालय के निर्माणाधीन टैंक में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मासूम बालक खेलने के लिए घर से निकला था। कुछ ही देर में पिता तलाश करता हुआ बाहर पहुंचा तो मासूम कहीं दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान टैंक में तलाश किया जहां मासूम हिमांशु डूबा हुआ मिला। पीड़ित पिता ने बताया कि वह भोजन कर रहे थे।
पास में हिमांशु भी बैठा था। तभी अचानक वह बाहर चला गया। भोजन करने के बाद जब बाहर तलाश करने के लिए पहुंचे तो वह नहीं मिला। तभी टैंक में तलाश किया तो वह डूबा हुआ था। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने अभी नए मकान का निर्माण कराया है। मकान के शौचालय का सात फिट गहरा टैंक अभी निर्माणाधीन था। जिसको लकड़ी से बंद कर दिया था और उसमें छह फिट पानी भरा था। मासूम मकान में किसी तरह पहुंच गया और लकड़ी टैंक से हट गई और वह टैंक के पानी में डूब गया। मासूम की मां अनीता और बड़ी बहन उपासना का रोरो कर बुरा हाल है। मासूम इकलौता था। मासूम की मौत की सूचना पर तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए।