बहजोई के गांव मदारा प्राथमिक विद्यालय में ड्रेस वितरित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ।-
- फोटो : अमर उजाला
संभल के मदारा स्थित प्राइमरी स्कूल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को करीब 25 मिनट का वक्त बीताया। इस दौरान पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों मिले। उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें प्यार और दुलार किया। आशीर्वाद भी दिया। अपने हाथों से किताबें, स्कूली बैग और नई यूनिफार्म का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा- रोजाना स्कूल आया करो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा प्रस्तावित होने के बाद शनिवार से ही मदारा के प्राइमरी स्कूल को सजाया और संवारा जा रहा था। सोमवार को पौने ग्यारह बजे जब मुख्यमंत्री स्कूल परिसर में पहुंचे तो नजारा एकदम अलग था। प्रत्येक कक्षा में शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे थे। स्कूल परिसर साफ सुथरा चमक रहा था। सबसे पहले मुख्यंमत्री योगी आदित्यनाथ ने पौधे लगाए। उनके संग मौजूद राज्यमंत्री गुलाब देवी, बल्देव सिंह औलख, सांसद सत्यपाल सैनी, जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल, नगर पालिकाध्यक्ष इंदुरानी ने पौधे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कक्षाओं का निरीक्षण किया। वह सबसे पहले पांचवीं कक्षा में पहुंचे।
प्रधानाध्यापक वंदना वार्ष्णेय बच्चों की पढ़ा रहीं थीं। उनकी कक्षा में मौजूद नेमवती से मुख्यमंत्री ने पूछा- शिक्षक पढ़ाती हैं। नेमवती ने सहज भाव से कहा-अच्छा पढ़ातीं हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चौथी, तीसरी, दूसरी और पहली कक्षा में भी पहुंचे। पहली कक्षा में नन्हें मुन्ने बच्चों के सिर पर हाथ फेरते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा-बच्चों क्या खाया। फिर उन्होंने यह भी कहा कि खूब पढ़ो और आगे बढ़ो। इससे पहले दूसरी कक्षा में मुख्यमंत्री ने शिक्षक की ओर मुखातिब होकर कहा- इन्हें खूब पढ़ाओ और कामयाब बनाओ। इस दौरान जिलाधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।