संभल। गुन्नौर में शराब से हुईं तीन मौत के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। इसी क्रम में शनिवार को शाम जिलेभर में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने आबकारी विभाग की टीम को साथ लेकर चेकिंग अभियान चलाया। जहां शराब संदिग्ध लगी उसका नमूना लिया गया है। यह चेकिंग अभियान जिलाधिकारी संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र के आदेश पर चलाया गया। संभल तहसील में एसडीएम दीपेंद्र यादव व सीओ अरूण कुमार सिंह का नेतृत्व रहा।
सर्किल के थाना असमोली, नखासा, हयातनगर और संभल कोतवाली क्षेत्र में स्थित शराब की दुकानों पर चेकिंग की। अधिकारियों ने स्टॉक चेक कराए और सफाई व्यवस्था भी दुरूस्त कराने के आदेश किए। मंडी समिति के सामने स्थित शराब की दुकान की छत टूटी मिली। जिसकी रिपोर्ट एसडीएम ने कोतवाली प्रभार से तलब की है। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव खिरनी स्थित शराब की दुकान से नमूना लिया गया है।
एक नमूना नखासा थाना क्षेत्र के हातिम सराय स्थित दुकान से भी लिया है। आबकारी विभाग की टीम शराब के इन नमूनों को जांच के लिए भेजेगी। यह नमूने शराब संदिग्ध लगने पर लिए गए। सीओ ने बताया कि यह चेकिंग अभियान जिलेभर में चल रहा है। इसी क्रम में तहसील क्षेत्र में चला है। अब तक की चेकिंग में जहां शराब संदिग्ध लगी वहां नमूना आबकारी विभाग की टीम से भरवाया है। जिसकी जांच होगी।