चंदौसी। जालसाज रोजाना ठगी के नए नए फार्मूला निकालकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़प रहे हैं। अब जालसाजों ने एक व्यक्ति को फोन कर उसके बेटे के अपहरण हाेने का डर दिखाकर 65 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
चंदौसी के फड़याई बाजार निवासी श्याम नारायण के पास बुधवार को एक फोन आया। जिसमें फोन करने वाले व्यक्ति ने श्याम नारायण से कहा कि उसके अधिवक्ता बेटे मनीष का अपहरण हो गया है। अगर वह अपने बेटे की जान बचाना चाहता है, तो एक लाख रुपये उसके बताए नंबर पर ट्रांसफर कर दे। बेटे के अपहरण की बात सुन श्याम नारायण घबरा गए। जिसके बाद उन्होंने चार बार में जालसाज के द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बात श्याम नारायण की पत्नी ने अपने अधिवक्ता बेटे मनीष को फोन किया। तब पता चला कि उनके बेटे का अपहरण नहीं हुआ है। इसके बाद श्याम नारायण ने पूरा मामला अपने बेटे को बताया। जिसके बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और पुलिस को ठगी की तहरीर दी।