बहजोई(संभल)।
जिला बुलंदशहर के सिकंदराबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से दिल्ली जा रहे गांव चाटन निवासी दंपती हरप्रसाद व उसकी पत्नी पूजा गंभीर रूप से घायल हो गए। सरकारी अस्पताल में उपचार के बाद दोनों घायलों को बुलंदशहर के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां से बहजोई लाते समय हरप्रसाद (38) ने दम तोड़ दिया। वहीं, पत्नी पूजा का अभी उपचार चल रहा है।
हरप्रसाद के चचेरे भाई रामनिवास ने बताया कि हरप्रसाद दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। बीती आठ मई को थाना धनारी के जयरामनगर स्थित ननिहाल में शादी में शामिल होने के लिए गांव चाटन आया था। शादी के बाद नौ मई को वह पत्नी के साथ स्कूटी से दिल्ली के लिए वापस लौट रहा था। दोपहर बाद रास्ते में सिकंदराबाद के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे तहेरा भाई व उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद 10 मई को सुबह करीब साढ़े नौ बजे हरप्रसाद ने दम तोड़ दिया। इस बीच हरप्रसाद की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। प्रभारी इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।