चंदौसी। जिले में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा दस परीक्षा केंद्रों पर होगी। जिले में दसवीं और 12वीं के 5129 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। सभी केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सीबीएसई बोर्ड के मुख्य विषयों की परीक्षा सोमवार 20 फरवरी से शुरू हो रही है। स्कूलों में प्रयोगात्मक परीक्षा पूरी हो गई है। सीबीएसई की परीक्षा का कार्यक्रम पहले ही घोषित हो चुका है। जनपद में दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन परीक्षा केंद्र चंदौसी, तीन परीक्षा केंद्र संभल, एक बहजोई, एक बबराला, दो केंद्र गुन्नौर में बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर सीबीएसई के 5129 छात्रों की परीक्षा की व्यवस्था की गई है।
इनमें दसवीं के 2797 और 12वीं के 2332 छात्र शामिल हैं। सीबीएसई के कार्यक्रम के मुताबिक बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से शुरू हो गई है, पर अभी तक वैकल्पिक या भाषा विषयों की परीक्षा थी। मुख्य विषयों की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू हो रही है।
सोमवार को 12वीं के मुख्य विषयों में पहला पेपर हिंदी है। पेपर का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक रहेगा। छात्रों को आधा घंटे पहले पहुंचना होगा। सभी केंद्रों पर तैयारी पूरी हो चुकी है। सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर से निगरानी की जाएगी। सीबीएसई से नामित नोडल अधिकारी परीक्षा केंद्रों का जायजा भी लेंगे।