चंदौसी। सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो रही हैं। जो चार अप्रैल तक चलेंगी। 45 पहले परीक्षार्थियों को कक्ष में प्रवेश मिलेगा। इसके लिए जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
नोडल अधिकारी एसके पांडेय ने बताया कि हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं सुबह की पाली में ही होंगी। जिसका समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक रहेगा। छात्र- छात्राओं को परीक्षा शुरू होने से करीब 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य रहेगा। केंद्र पर सुबह 9.30 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा।
बताया कि हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें चंदौसी का आरआरके स्कूल, ओपीजीएम, जीके सिल्वर स्टोन, सिल्वर स्टोन स्कूल, बहजोई का जीके सिल्वर स्टोन, संभल का सेंट मेरी स्कूल, बाल विद्या मंदिर, सरस्वती इंटर कॉलेज और गुन्नौर का डीएवी, जेएनबी और जेकेईटी स्कूल शामिल है। नोडल अधिकारी ने बताया कि सीबीएसई की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में कितने छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। उसकी जानकारी नहीं है।