सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव बागड़पुर इम्मा में करीब तीन माह पूर्व ठगी कर नकदी और सामान ले जाने वाले एक ठग को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
बागड़पुर इम्मा निवासी चंद्रभान पुत्र हुकम सिंह किसान हैं। 20 जनवरी को उनके घर पर दो लोग आए और उन्होंने चंद्रभान को बातों में फंसा लिया। कहा कि वह पैसों को दोगुना कर देते हैं। बताते हैं कि चंद्रभान ने अपनी बेटी कविता शादी के लिए 3.20 लाख रुपये और सोने के आभूषण रखे थे। रुपये और सोने के आभूषण को ठगों ने एक पोटली में बांधकर संदूक में रखवा दिया। कहा कि तीन दिन तक पोटली को संदूक में से मत निकालना। बाद में दोनों उसी के घर पर सो गए और सुबह को वहां से चले गए। एक सप्ताह बाद उसे बेटी की शादी में देने के लिए बाइक खरीदने के लिए रुपयों की जरूरत पड़ी तो संदूक में रखी पोटली निकालकर देखी गई। इसमें रुपये की जगह कागज देखकर उनके होश उड़ गए। ठगी करने का एक आरोपी शनिवार को अझरा में मंदिर पर बैठा मिला। चंद्रभान ने इसे पहचानते हुए पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार राठी कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।