संभल। कोतवाली क्षेत्र में बेटे की शादी के लिए सामान खरीदने जा रहे 30 हजार रुपये बुजुर्ग की जेब से गायब हो गए। मंगलवार अपराह्न तीन बजे यह घटना संभल-बहजोई रोड पर सुशीला सक्सेना अस्पताल के पास हुई। मोहल्ला कोटगर्वी के निवासी कय्यूम ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की शादी है और शादी का सामान खरीदने के लिए वह 30 हजार रुपये लेकर जा रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह संभल-बहजोई रोड पर सुशीला सक्सेना अस्पताल के पास पहुंचे। अस्पताल से करीब 15 मीटर की दूरी पर अचानक एक व्यक्ति उनसे आकर चिपट गया।
कय्यूम के अनुसार, उन्होंने उस व्यक्ति से हटने के लिए कहा। इस पर उसने कहा कि पीछे से उसकी चप्पल पर पैर मार दिया है। बुजुर्ग ने बताया कि कुछ देर बाद व्यक्ति उन्हें छोड़कर अलग हुआ। इसके बाद वह करीब दो कदम ही आगे बढ़े थे कि उन्होंने जेब में हाथ डाला। जेब में रखे 30 हजार रुपये गायब थे। रुपये गायब होने का पता चलते ही बुजुर्ग के होश उड़ गए। कोतवाल मोहित चौधरी ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे घटना से जुड़े व्यक्ति की पहचान की जा सके।