सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बल्लमपुर में आठ अगस्त की देर रात चोरों ने किसान के मकान में नकब लगाकर सोने-चांदी के जेवर और 2.12 लाख रुपये चोरी कर लिए। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बल्लमपुर निवासी किसान महीपाल के अनुसार, आठ अगस्त की देर रात अज्ञात चोर मकान में नकब लगाकर कमरों में घुस गए। चोरों ने कमरों को अंदर से बंद कर दिया और वहां रखे दो संदूकों में से उनकी पुत्रवधू के सोने-चांदी के जेवर तथा 2.12 लाख रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा पुत्रवधू की साड़ियों से भरे बैग भी चोर अपने साथ ले गए और बाद में जंगल में फेंक दिए। नौ अगस्त की सुबह परिजन सोकर उठे तो कमरों के दरवाजे अंदर से बंद मिले। दरवाजा नहीं खुलने पर छत पर जाकर देखा तो मकान में नकब लगा मिला। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों के साथ जंगल में चोरों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। जंगल में साड़ियों के बैग पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल की। क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि किसान की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।