भाजपा नेता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट को फर्जी बताते हुए एडीजी बरेली से शिकायत की है। यह शिकायत जानलेवा हमले के आरोप में जेल में बंद अंशू शर्मा की पत्नी द्वारा की गई है। इसमें संभल से पलायन कर लेने की भी बात कही है।
संभल पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप है और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। बुधवार को अंशू शर्मा की पत्नी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें वह कह रही हैं कि भाजपा नेता ने उनके पति को झूठे मुकदमे में जेल भिजवा दिया और पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। मजबूरन उन्होंने संभल से पलायन कर दिया है और अब उनका घर भाजपा नेता के समर्थक बिकने नहीं दे रहे हैं। मालूम हो पांच अक्तूबर की रात संभल कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा कालोनी में यूपी पश्चिमी क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने खुद पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया था। जिसमें भाजपा नेता के वाहन चालक भूरे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसमें दुर्गा कालोनी निवासी अंशू शर्मा और गांव बेनीपुर चक निवासी जीतपाल यादव आरोपी बनाए गए थे। मौके से अंशू शर्मा को पकड़कर भाजपा नेता के समर्थकों ने पुलिस को सुपुर्द किया था। अंशू शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा ने भाजपा नेता पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी थी। जिसमें पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही थी। अब दीपा शर्मा ने 10 अक्तूबर को संभल से पलायन करने की बात कहते हुए वीडियो वायरल किया है। मालूम हो इस मामले में क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। अंशू शर्मा के परिजनों की मांग पर ही पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी थी।
मेरे ऊपर जानलेवा हमला किया गया था। जिसकी रिपोर्ट दर्ज हुई है। जांच क्राइम ब्रांच कर ही है। जांच में हकीकत सामने आ जाएगी। मेरे ऊपर जितने भी आरोप लगाए जा रहे हैं वह गलत हैं।
राजेश सिंघल, भाजपा के यूपी पश्चिमी क्षेत्र उपाध्यक्ष।