सरायतरीन। हयातनगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर तीन सगे भाई सहित 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह कार्रवाई मोहल्ला कच्छावायान सरायतरीन निवासी मोहम्मद रेहान की शिकायत पर हुई है। शिकायत में 19 जनवरी 2025 को हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद हुए विवाद का जिक्र है।
मोहम्मद रेहान ने न्यायालय को बताया कि 19 जनवरी 2025 को अरशद 550 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर रंगाई पुताई का काम कर रहा था। काम के दौरान उसकी तबीयत खराब हुई और उपचार के लिए उसे संभल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के सिविल लाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अरशद के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हयातनगर थाने में शिकायत की। पुलिस की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच 1.50 लाख रुपये में समझौता हुआ था, जिसकी वीडियोग्राफी और समझौता पत्र भी मौजूद है। बाद में मृतक के परिजनों ने 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की और मना करने पर झूठे मुकदमे की धमकी दी। इस मामले में कार्रवाई न होने पर मोहम्मद रेहान ने न्यायालय की शरण ली।
सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पठानों वाला मोहल्ला बड़ी मस्जिद निवासी फतह, इमरान, अब्बास, उमर, उवैस, गुलशन जहां, अनस, अरशान, सलमान, रिजवान, शारिक, काशिफ खां, मुनाजिर खां, उवैस, रफत अली खां, बाबू, आरिफ खां और फैजान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच कराई जा रही है।