भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश सिंघल की कार को पशुओं से भरी कैंटर ने शनिवार की रात टक्कर मारने का प्रयास किया था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आरोपी कैंटर चालक को हिरासत में लिया। राजेश सिंघल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शनिवार की रात दस बजे करीब भाजपा नेता राजेश सिंघल संभल में चौधरी सराय की ओर से आ रहे थे। भाजपा नेता का कहना था कि चौधरी सराय से निकलने के दौरान पीछे से आए पशुओं से भरे कैंटर ने ओवरटेक करते हुए उनकी कार में टक्कर मारने का प्रयास किया। कैंटर में 10-11 पशु भरे हुए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग की थी। रविवार को कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि पशुओं से भरी कैंटर रात में ही कब्जे में ले ली गई थी। तहरीर के आधार पर अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।