चंदौसी(संभल)। गुन्नौर क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण ने गुन्नौर से सपा प्रत्याशी रामखिलाड़ी यादव के भाई और उनके समर्थकों पर वोट देने के लिए डराने धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने वोटरों को धमकाने के आरोप में सपा प्रत्याशी के भाई समेत तीन नामजद व 15 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गुन्नौर क्षेत्र के गांव भावरू बरखेड़ा लक्ष्मीपुर निवासी ग्रामीण रामवीर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 29 जनवरी को वह गांव अपने घर के बाहर बैठा था। गांव के अन्य कुछ लोग भी वहां थे। तभी गुन्नौर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी रामखिलाड़ी यादव के भाई ढाकन सिंह अपने समर्थकों के साथ गांव में वोट मांगने आए। ढाकन सिंह ने उनसे भी अपने भाई के पक्ष में वोट डालने के लिए कहा। इस पर रामवीर सिंह ने मना कर दिया और अपनी स्वेच्छा से दूसरे प्रत्याशी को वोट देने की बात कही। आरोप है कि इस पर ढाकन सिंह दबाव बनाने लगे तथा झगड़े पर उतारू हो गए।
तहरीर पर पुलिस ने ढाकन सिंह, उनके साथी राकेश, राम निवास और 15 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ वोटरों को धमकाने, बिना अनुमित पांच से अधिक लोग एकत्र करने और महामारी अधिनियम में कार्रवाई की है।
ग्रामीण की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। वोटर को धमकाने, बिना अनुमति पांच से अधिक लोग एकत्र होने और महामारी अधिनियम में कार्रवाई की गई है। आचार संहिता का उल्लंघन किसी को नहीं करने दिया जाएगा।
देवेंद्र कुमार शर्मा, सीओ गुन्नौर
वोट के लिए दबाव बनाने के आरोप गलत हैं। राजनीतिक रूप से यह मुकदमा दर्ज कराया गया है। धमकाने वाली कोई बात नहीं है। आरोपी पक्ष से हमारे पक्ष के लोगों का मुकदमा चल रहा है। मुकदमे में समझौते के लिए यह आरोप लगाए गए है।
रामखिलाड़ी सिंह, सपा प्रत्याशी गुन्नौर