बहजोई। पाठकपुर में रोडवेज चालक के बेटे की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पिता की ओर से तहरीर देकर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बीती 24 सितंबर को युवक की हत्या करने का आरोप है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी रोडवेज चालक उदयपाल पुत्र महेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया कि उसका बेटा नितिन गांव में ही रहता है। बीते करीब एक माह पहले उसके बेटे का विवाद गांव के ही कुछ लोगों से हो गया था। इसको लेकर पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस पर आरोपी व घरवाले उसके बेटे व परिजनों से रंजिश मानने लगे। बीती 23 सितंबर की शाम को भी आरोपियों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की। अगले दिन आरोपी उसके बेटे को तलाश करते हुए घर आए और बेटे को लेकर जानकारी करने लगे। इस पर उसकी पत्नी सुशीला देवी ने बेटे के घर से बाहर होने की बात कही।
काफी देर तक उसका बेटा घर नहीं आया, तो चिंता हुई। तलाश को जाते समय रास्ते में आरोपी मिल गए। सभी के हाथ में डंडे थे। बाद में शमशान के निकट खेत में जाकर देखा, तो बेटा नितिन घायल अवस्था में पड़ा था। इससे साफ है कि आरोपियों ने ही उसके बेटे से मारपीट की थी। घायल बेटे को उपचार के लिए बहजोई व संभल ले गए। यहां से रेफर करने के बाद मुरादाबाद हायर सेंटर ले जाते समय बेटे ने दम तोड़ दिया। प्रभारी इंस्पेक्टर विद्युत गोयल ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपियों में दो सगे भाई राजीव व राकेश समेत गुलशन व अशेष के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।