बनियाठेर (संभल)। चंदौसी क्षेत्र के गांव बनियाठेर में रात के समय आई बरात में बराती की हलवाई से महज रसगुल्ले को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गांव के ही हलवाइयों ने बरातियों के साथ मारपीट कर दी। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हंगामा होने पर फेरे की रस्म नहीं हो सकी और लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। दूल्हा व उसके परिजन अभी भी गांव में ही है, समझौते की कोशिश जारी है।
बुधवार की रात कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव दियौरा खास से बनियाठेर गांव में बरात आई थी। दूल्हा प्राइवेट शिक्षक है। चढ़त के बाद बराती खाना खा रहे थे। इस दौरान एक बराती शराब के नशे में रसगुल्ले के काउंटर पर पहुंच गया।
सफेद रसगुल्ले के स्टॉल पर हलवाई के कारीगर खड़े थे और रसगुल्ले दे रहे थे। बराती ने कारीगर पर कम रसगुल्ले देने का आरोप लगाया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। नशे की हालत में शराबी ने रसगुल्ले से भरा थाल पलट दिया। इस पर हलवाई व स्टॉल पर खड़े कारीगर ने दो बरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट होने पर पंडाल में भगदड़ मच गई। हंगामा होने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस हलवाई व उसके कारीगर को पकड़कर रात में ही थाने ले गई। शादी की रस्म बीच में ही रुक गई। बरात में हंगामा होने पर रात में ही बराती गांव से वापस चले गए। लड़की पक्ष ने बरात में हंगामा होने पर अपमान होने की बात कहते हुए शादी करने से इंकार कर दिया।
हंगामे के बाद रात में दूल्हा व उसके परिवार से सात आठ लोग ही रुके रहे। बृहस्पतिवार की सुबह तक कोई शिकायत न मिलने पर पुलिस ने हलवाई और कारीगर को छोड़ दिया। बृहस्पतिवार की देर शाम तक लड़की पक्ष व लड़के पक्ष के लोगों के बीच समझौते का प्रयास जारी रहा।