असमोली थाना क्षेत्र में शनिवार को भवन निर्माण के दौरान हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। जबकि राजमिस्त्री झुलस गया। असमोली थाना क्षेत्र के गांव बिलालपत निवासी जमशेद के घर पर छज्जे के निर्माण का कार्य चल रहा था। घर के ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है।
निर्माण कार्य क्षेत्र के गांव गरवारा निवासी राजमिस्त्री हेतराम कर रहे थे। दोपहर के बाद जब चिनाई की जा रही थी तो जमशेद किसी काम से घर में अंदर कार्य कर रहे थे जबकि उनकी बेटी नसीमा बेगम घर के बाहर खड़ी थी। राज मिस्त्री ने चिनाई करते वक्त नसीमजहां से छत पर सरिया देने के लिए कहा तो युवती घर के बाहर खड़े होकर राजमिस्त्री को सरिया पकड़ा रही थी।
जैसे ही राजमिस्त्री ने सरिया पकड़ी तो ऊपर की ओर खींचा तो सरिया हाइटेंशन लाइन से टकरा गई। उसके बाद फाल्ट हो गया। बिजली का करेंट लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजमिस्त्री झुलस गया। करेंट लगने के बाद राजमिस्त्री जमीन पर आकर गिर गया। आनन फानन में पड़ोस के लोग दौड़े और राजमिस्त्री को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। राजमिस्त्री की हालत गंभीर बनी हुई है। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का रो रोकर बुुरा हाल है।