संभल। जिले में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसकी चपेट में शहरी क्षेत्र ही नहीं अब ग्रामीण अंचल भी आने लगे हैं। इन दिनों गांवों में पंचायती चुनाव जोरों पर है। लापरवाही भी चुनाव की तर्ज पर ही की जा रही है। अनावश्यक भीड़ और मास्क न लगाना यह आम सी बात है। यह लापरवाही संक्रमण फैलने का बड़ा कारण बन सकती है।
प्रत्याशी और समर्थकों में यदि संक्रमण फैला तो गांव का कोई मतदाता ही संक्रमण से अछूता रह पाएगा। हालात बदतर हो जाएंगे और बचाव करना मुश्किल होगा। इन दिनों नाम वापसी और चुनाव चिह्न वितरण का कार्य चल रहा है। एक प्रत्याशी के साथ 50 से ज्यादा लोग ब्लॉक परिसर तक पहुंच रहे हैं। यही हाल गांवों में हो रहा है।
न मास्क लगा रहे हैं और न दूरी बना रहे हैं। इससे जाहिर हो गया कि चुनावी मैदान कोरोना संक्रमण की लहर ग्रामीणों में भी फैलाने को तैयार है। इस लापरवाही का परिणाम चुनाव से पहले आया तो हालात बदतर हो जाएंगे और चुनाव के बाद संक्रमण फैला तो बचाव करना मुश्किल होगा। यदि खतरे से बचना है तो अभी बचाव करना बेहतर होगा। दिन के प्रचार और रात की चौपाल बनाने में ही संक्रमण से बचाव का बेहतर उपाए है।