हसनपुर मार्ग पर पक्का बाग के निकट कार सवार युवकों ने बाइक और स्कूटी को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक पर सवार गांव सलारपुर कलां निवासी मुनीसा (45) और स्कूटी सवार भूरे खां रोड के मुस्ताक (32) की मौत हो गई, जबकि मुनीसा का बेटा रेहान और बेटी सना घायल हुई है। निजी अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है। शुक्रवार रात साढ़े दस बजे के करीब यह हादसा हुआ। हादसे के बाद कार सवार युवक भाग गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।
नखासा थाना क्षेत्र के सलारपुर कलां निवासी मेहराब की पत्नी मुनीसा, बेटा रेहान और बेटी सना शुक्रवार की रात बाइक पर साढ़े दस बजे करीब संभल में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। बाइक रेहान चला रहा था। उसी समय हसनपुर रोड पर धर्मकांटे के नजदीक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि आगे चल रही स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार मुनीसा, रेहान, सना और स्कूटी सवार मुस्ताक घायल हो गए। यहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच घायलाें के परिजन भी आ गए। उन्होंने घायलों काे संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार की दोपहर मुनीषा ने संभल और मुस्ताक ने दिल्ली के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। रेहान और सना का उपचार चल रहा है। वहीं हादसे के बाद कार चालक भाग गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्जन
-महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि दूसरे व्यक्ति का दिल्ली में पोस्टमार्टम हो गया है। मृतक महिला के परिजन की ओर से तहरीर मिली है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।-
रजनीश कुमार, थाना प्रभारी नखासा