बनियाठेर। संभल मार्ग पर खेड़ाखास के पास सड़क पर आए गीदड़ को बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। उधर से गुजर रही यूपी-100 लैपर्ड टीम ने थाने को सूचना देकर बचाव में लग गई। डेढ़ घंटा रेस्क्यू चलाकर पुलिस ने गाड़ी सवार दोनों युवकों को बचा लिया और सीएचसी में भर्ती कराया है।
जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा गांव मुडिया निवासी विमल कुमार, गांव के ही अतुल कुमार के साथ गाजियाबाद से गाड़ी खरीदने गए थे। दोनों आई-टेन गाड़ी खरीदकर रविवार की शाम घर वापस जा रहे थे। संभल चंदौसी मार्ग पर गांव खेड़ाखास के पास मोड़ पर अचानक एक गीदड़ गाड़ी के आगे आ गया। गीदड़ को बचाने के प्रयास में मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई और पानी से भरे तालाब में जा गिरी। उधर से थाना बनियाठेर क्षेत्र की बाइक लैपर्ड टीम घूम रही थी। गाड़ी तालाब में गिरते ही उन्होंने थाना बनियाठेर को सूचना दे दी और बचाव में लग गए।
गाड़ी के शीशे लॉक होने के कारण वह पानी में नहीं डूबी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार, नरौली चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गाड़ी के पीछे का शीशा तोड़कर दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी को भी बाहर निकाल लिया। इस पूरे रेस्क्यू में पुलिस को डेढ़ घंटा लग गया। हादसे में अतुल कुमार को कुछ चोट आईं हैं। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों युवकों को सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया है।