संभल। असमोली थाना क्षेत्र के गांव नंदपुर बीटा निवासी ग्रामीण ने बहन के पति व ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि विवाहिता के पति व ससुराल वालों ने पांच लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया।
रविवार को असमोली थाना क्षेत्र के गांव नंदपुर बीटा निवासी जन्नत अली पुत्र हबीब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फरवरी 2018 में अपनी बहन शहाना की शादी अमरोहा जिले के थाना नौगावां सादात अंतर्गत गांव फरीदपुर इम्मा निवासी कमरूद्दीन के साथ की थी। शादी के बाद से बहन का पति व उसके परिजन दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। 4 नवंबर 2020 को फिर से पांच लाख रुपये की मांग की। विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए कमरूद्दीन, समसुद्दीन, रूकसाना, कलुआ और समसु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।