असमोली/संभल। संभल-जोया मार्ग पर गांव मवई ढोल के नजदीक टेंपो व कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कैली निवासी जोगेंद्र 60 पुत्र लक्ष्मण सुबह नौ बजे के करीब असमोली स्थित बूढ़े बाबा की जात लगाने गए थे। लौटते समय टेंपो में संभल के लिए बैठ गए। टेंपो में उनके अलावा और भी लोग बैठे थे। जैसे ही टेंपो मवई ढोल के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी, जिससे टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कैली निवासी जोगेंद्र 60 पुत्र लक्ष्मण, नखासा थाना क्षेत्र के सोतीपुरा निवासी रंजीत और उनकी पत्नी मिथलेश, चंदौसी के केथल गेट निवासी पुष्पेंद्र, बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली निवासी संगीता व उनकी बेटी रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जोगेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया।