चंदौसी। रेलवे की ओर से एक नई बाईपास लाइन बनाने की तैयारी की जा रही है। यह लाइन गुमथल हॉल्ट और मझोला के बीच प्रस्तावित है, हालांकि अभी इसका सर्वे होना बाकी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बाईपास लाइन से चंदौसी स्टेशन पर मालगाड़ियों की शंटिंग बंद हो जाएगी। इससे मालगाड़ियां सीधे बाईपास से होकर मुरादाबाद की ओर निकल सकेंगी और स्टेशन पर दबाव भी कम होगा।
रेलवे की ओर से गुमथल हॉल्ट और मझोला के बीच नई बाईपास लाइन बनाई जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस लाइन से होकर मालगाड़ियां सीधे मुरादाबाद की ओर गुजरेंगी, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और सुगम हो जाएगी। अभी चंदौसी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ियों के इंजन बदलने के लिए शंटिंग करनी पड़ती है, जिससे समय लगता है और स्टेशन पर दबाव भी बढ़ता है। बाईपास लाइन बनने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी और मालगाड़ियों को बिना रोके आगे भेजा जा सकेगा।
मालगाड़ियों की शंटिंग बंद होने से पैसेंजर ट्रेनों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें लाइन क्लियर मिलने लगेगी, जिससे उन्हें स्टेशन से पहले लंबे समय तक खड़ा नहीं रहना पड़ेगा और उनकी आवाजाही अधिक सुचारू हो सकेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस बाईपास लाइन को बिछाने के लिए जल्द ही फाइनल लोकेशन सर्वे शुरू किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया तेज की जाएगी, ताकि काम जल्द शुरू हो सके।
स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि मालगाड़ियों के लिए गुमथल हॉल्ट और मझोला के बीच प्रस्तावित बाईपास लाइन का सर्वे अभी होना बाकी है। सर्वे पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।