संभल। यातायात पुलिस ने अभियान के तहत मोटरसाइकिलों से उतरवाए गए पटाखे की आवाज पैदा करने वाले 75 साइलेंसरों पर सोमवार को बुलडोजर चलवाकर नष्ट करवा दिया। बहजोई में सरेराह पुलिस ने यह कार्रवाई की और भविष्य में इस तरह के साइलेंसरों का प्रयोग न करने का संदेश दिया।
सीओ यातायात संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में जिले में बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में जिले भर में बड़े स्तर का अभियान चलाया जा रहा है। कई टीमें बनाई हैं जो नगर के विभिन्न चौराहों पर माडिफाइड बाइक चालकों की धर-पकड़ के साथ उनका चालान काट रही हैं। अबतक जिले में लाखों रुपए का चालान काटने के साथ कईयों की बाइकों को साइलेंसर बदलवाया गया है।
000000
दुर्घटना का बना रहता है खतरा
यू तो वर्तमान समय में बुलेट बाइक का क्रेज युवाओं में काफी बढ़ा है। इन बाइकों में तेज आवाज वाली साइलेंसर लगवाकर चलना युवाओं की पहली पसंद बनी हुई है। लेकिन इस पर नकेल कसने के लिए हाईकोर्ट के आदेश पर अभियान चलाया जा रहा है। बुलेट बाइक चालक माडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार में धड़धड़ाते हुए निकलने से सड़क पर चलने वाले काफी लोग डर जाते हैं। इसके साथ ही कई बार घबराहट में बुजुर्ग बाइक सवार दुर्घटना ग्रस्त भी हो जाते हैं। यही नहीं, चिकित्सकों की माने तो बाइकों के साइलेंसर से निकलने वाले तेज आवाज से हृदय रोगियों को अटैक भी आ सकता है। बाइक से निकाले जाने वाली पटाखे की आवाज बुजुर्गों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इसके साथ ही नवजात बच्चों पर भी बुरा असर पड़ता है। तेज आवाज बच्चों के कान को नुकसान पहुंचाकर उनकी सुनने की क्षमता को कम कर सकती है।
00000
चौराहे के चारों ओर 70 मीटर की परिधि में अतिक्रमण पर रोक
संभल। यातायात प्रभारी प्रमोद मान ने बताया कि बहजोई के इस्लामनगर चौराहे से चारों तरफ 70 मीटर की परिधि में किसी भी तरह से अतिक्रमण करने पर रोक है। इसी को सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं संभल में भारी वाहनों के लिए वन वे व्यवस्था चालू कराई गई। जिसमें चौधरी सराय से अंदर शहर में आने वाले भारी वाहनाें के ट्रैफिक को डायवर्सन करके खग्गूपुरा बाईपास से होकर निकाला गया। वाजिदपुरम बाईपास से चंदौसी चौराहा तक भारी वाहनों को नो एंट्री रही। मुरादाबाद और चंदौसी से आने वाले वाहनों के लिए चंदौसी बाईपास से होते हुए चंदौसी चौराहे से चौधरी सराय चौराहा को बहजोई ,गवां और गजरौला की ओर निकाला गया।