चंदौसी। शक्तिनगर में आड़ा तिरछा नाला सीधा करने के लिए शुक्रवार को एक बार फिर अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चला। करीब छह से सात मकानों के आगे का हिस्सा जेसीबी से ध्वस्त किया गया। इस दौरान एक महिला की एसडीएम से नोकझोंक हुई। अफसरों ने समझा बुझा कर शांत करा दिया।
बता दें कि शहर को बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए दिसंबर 2024 में अतिक्रमण अभियान चलाया गया था। नाले पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया था। इसी क्रम में शक्तिनगर में भी नाले से अतिक्रमण हटाया गया। यहां सड़क का नाला निर्माण के साथ ही सड़क का चौड़ीकरण भी किया जा रहा है। यहां सड़क के दोनों ओर का नाला लगभग बन कर कर तैयार हो चुका है लेकिन कई जगह से आड़ा तिरछा हो गया है। जिससे सड़क चौड़ीकरण के कार्य में बाधा आ रही है।
शुक्रवार की सुबह 11 बजे के करीब एसडीएम विनय कुमार मिश्रा, पालिका के ईओ धर्मराज राम तहसील व पालिका स्टाफ और पुलिस बल के साथ शक्तिनगर पहुंचे। दो स्थानों पर नाले का निर्माण तिरछा पाया गया। जिसे सीधा करने के लिए दो जेसीबी से अतिक्रमण ध्वस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। यहां करीब छह-सात मकानों के चबूतरे व स्लैब आदि जेसीबी से ध्वस्त कराए।
इस दौरान एक मकान पर महिला ने अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए एसडीएम से नोकझोंक हुई। महिला का कहना था कि पूर्व में उसके मकान का अतिक्रमण को हटाया जा चुका है। महिला को समझा बुझा कर जेसीबी से अतिक्रमण हटवाया गया। बता दें कि शक्तिनगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच रहा है। पत्थर डाल कर रेता डाला गया है। नाला सीधा होने के बाद सड़क डाल दी जाएगी।
-
शक्तिनगर में लगभग 50 मीटर नाले को तिरछा बना दिया गया। जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई। जिससे आने वाले समय में जाम की स्थिति बन सकती है। इसलिए नाले को सीधा कराने के लिए अतिक्रमण हटवाकर नाले का सीधा निर्माण कराया जाएगा।
विनय कुमार मिश्रा, एसडीएम चंदौसी।
-
स्टेशन रोड से ठेले खोमचे हटवाए
शहर में कहीं भी जाम न लग सके। इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। शक्तिनगर से अतिक्रमण हटवाने के बाद पालिका की टीम स्टेशन रोड पर पहुंची। यहां रेलवे स्टेशन के बाहर लगे ठेले खोमचे हटवाए। ठेले खोमचे वालों को वेडिंग जोन में जाने में जाने के लिए कहा गया।