नगर पालिका परिषद बोर्ड की बजट बैठक शनिवार को पालिकाध्यक्ष इंदूरानी की अध्यक्षता में शुरू हुई। सभासदों के भारी हंगामे और आरोप-प्रत्यारोपों के बीच 54.29 करोड़ रुपये की आय और 53.23 करोड़ रुपये के व्यय के साथ एक करोड़ छह लाख के लाभांश के बजट को ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान की गई। वहीं, सभासदों ने पिछले बैठक के प्रस्तावों पर कार्य शुरू नहीं करने, पालिका कर्मियों द्वारा अभद्रता किए जाने के साथ-साथ मियाद खत्म बोतल बंद पानी को पिलाने की साजिश करने का आरोप लगाया।
पालिका के स्वास्थ्य विभाग के हाल में बोर्ड की बैठक दोपहर 12.11 बजे शुरू हुई। सभासद सरोज देवी को छोड़कर सभी 24 सभासदों ने उपस्थिति दर्ज कराई। अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी ने संचालन करते हुए सबसे पहले सदन के सामने बजट रखा। विपक्षी सभासद विमल चौधरी ने सबसे पहले पिछली बैठक का बहिष्कार का कारण जानना चाहा। चेयरमैन ने कहा कि कोरम पूरा नहीं होने की वजह से बोर्ड बैठक नहीं हो सकी। सभी सभासदों को बजट की एक प्रति पढ़ने को दी गई, जिसमें कुल आय 54 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई, जिसके सापेक्ष में 53 करोड़ 23 लाख का बजट खर्च होना बताया गया। इसके अलावा पालिका को एक करोड़ छह लाख रुपये की बचत की बात कही गई। बजट में सर्वाधिक 20 करोड़ 35 लाख रुपये का खर्च अधिष्ठापन यानी कर्मचारियों के वेतन, बोनस, एरियर, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, पेंशन व ठेके पर कार्य कराने आदि पर किया जाएगा। इसके अलावा जलकल विभाग पर दो करोड़ 50 लाख, पथ प्रकाश पर दो करोड़ 10 लाख, सार्वजनिक निर्माण पर पांच करोड़ 80 लाख, स्वास्थ्य विभाग पर एक करोड़ 20 लाख, कार्यालय प्रबंधन पर 40 लाख, जमानत राशियों पर एक करोड़ 80 लाख, स्टांप/अवस्थापना निधि से कार्य कराने पर एक करोड़ 70 लाख, 14 वें वित्त आयोग से 12 करोड़ 38 लाख, स्वच्छ भारत मिशन के लाभार्थियों पर व्यय दो करोड़, अमृत योजना से प्राप्त प्रोत्साहन राशि सहित व्यय तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। जिसे सदन ने ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी।
एक सभासद ने आरोप लगाया कि सफाई कार्य नहीं हो रहा है। वहीं, पालिका कर्मी सभासदों से अभद्रता करते हैं। जल निकासी पर सभासद भड़के, कहा कि खुर्जागेट पुलिया के पास 10 वार्डों का पानी जमा होता है, लेकिन निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। एक मई को शब-ए-बारात है, लेकिन सड़कों के गड्ढ़े, पथप्रकाश, सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। सभासद अर्चित ने वार्ड में हैंडपंप खराब होने की बात रखी। गांधी पार्क निर्माण के मुद्दे पर सदन को आश्वस्त किया गया कि शीघ्र ही निर्माण शुरू होगा। इफ्तेदार पाशा ने जाल चोरी होने सहित कई मुद्दे उठाए। कई सभासदों ने अपने वार्डो में पेयजल का पानी नहीं आने की बात रखी। जलकर-गृहकर का दोबारा कर निर्धारण कराने जाने की मांग रखी। जमा किया गया गृहकर, कंप्यूटर पर फीड नहीं किया जा रहा है। इन पर सभासदों ने जमकर हंगामा व शोर शराबा किया। सभी मुद्दों, समस्याओं पर गंभीरता से कार्य कराने को चेयरमैन ने सदन को आश्वस्त किया।
बैठक में अनिल कुमार, लौंगश्री, गीता, धारा सिंह, सुमित बाबू, अभिषेक शर्मा, अन्न पूर्णिमा जैन, मोनिका, विमल चौधरी उर्फ पप्पू, सागर सूरी, गुल नवाज, मनोज कुमार, संजय सैनी, मेराज बी, सचिंद्र यादव, इफ्तेदार पाशा, नईम, मुहम्मद इमरान, रागिनी शर्मा, अर्चित अग्रवाल, अर्पित कुमार, रेहाना बेगम, फरहा, देवेंद्र कुमार रहे।