संभल। बसपा नेता रफतउल्लाह उर्फ नेता छिद्दा को करीब 20 साल के बाद अपनी 1500 मीटर जमीन पर कब्जा मिला। प्रशासन की टीम ने उस जमीन से सामान हटवाकर कब्जा दिलाने का काम दिलाया। बसपा नेता रफतउल्लाह उर्फ नेता छिद्दा ने शासन में शिकायत करते हुए थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला दीपा सराय के लोगों पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया था। पुलिस (गृह) के उपसचिव सत्येंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेकर डीएम और एसपी को मामला भेजा। इसके बाद शनिवार को कोतवाली क्षेत्र में आदमपुर रोड पर स्थित मोहल्ला बदायूं दरवाजा में आलू कोल्ड स्टोरेज में मिली भूमि पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार टीम और पुलिस बल के साथ पहुंचे। पैमाइश के लिए नक्शा निकालते ही दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने लगी। प्रशासन की टीम ने जमीन पर चहारदीवारी के अंदर खड़े ट्रैक्टर और सामान को हटवाते हुए बसपा नेता को 1500 मीटर जमीन पर कब्जा दिला दिया। बसपा नेता ने कहा कि यह मामला 20 साल पुराना है। न्यायालय में भी मामला गया था। शासन में शिकायत के बाद प्रशासन ने भूमि पर कब्जा दिलाया है, इससे अच्छा संदेश दिया है।