बहजोई (संभल)। बीएसए को मंगलवार को निरीक्षण के दौरान पंवासा में संचालित सात परिषदीय विद्यालय बंद मिले। जबकि तीन विद्यालयों में सिर्फ एक-एक शिक्षक मिला। बीएसए ने लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाई है।
बीएसए अलका शर्मा ने बताया कि मंगलवार को विकासखंड पंवासा के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। शिक्षकों को तय समय से 15 मिनट पहले विद्यालय खोलना है। इसके तहत बीईओ एमएल पटेल के साथ किए गए निरीक्षण में विद्यालय खोलने के तय समय सुबह 9 बजे से 15 मिनट पहले सुबह 8.45 बजे के बाद सात परिषदीय विद्यालय बंद मिले। इनमें सुबह 8.50 बजे प्राथमिक विद्यालय करीमपुर घेर समेत 8.55 बजे प्राथमिक विद्यालय बंजरपुरी व सुबह 9.05 प्राथमिक विद्यालय नाई वाली मढ़ैयां बंद मिला। इसके अलावा 9.15 बजे प्राथमिक विद्यालय मल्लाह मुस्तफाबाद, 9.20 बजे प्राथमिक विद्यालय मिलक मल्लाह मुस्तफाबाद, 9.22 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय मल्लाह मुस्तफाबाद व 9.40 बजे प्राथमिक विद्यालय करछली की मढ़ैयां बंद मिला।
उन्होंने बताया कि वहीं, सुबह 9 बजे कंपोजिट विद्यालय साकिन शोभापुर मुंजफ्ता में एक सहायक अध्यापक, 9.25 बजे प्राथमिक विद्यालय ततारपुर घोसी में इंचार्ज अध्यापक तथा 9.30 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय ततारपुर घोसी में एक सहायक अध्यापक उपस्थित मिले। इन तीनों विद्यालयों में शेष स्टाफ गैर हाजिर मिला।
कोट
बंद मिले विद्यालयों समेत साकिन शोभापुर मुंजफ्ता व प्राथमिक विद्यालय ततारपुर घोसी के गैरहाजिर स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माह दिसंबर के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जवाब न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अलका शर्मा, बीएसए, जिला संभल