चंदौसी(संभल)। कोतवाली क्षेत्र के बड़ा बाजार में शनिवार की सुबह प्रॉपर्टी विवाद के चलते दुकान में शटर लगाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान गोली चलने से अफरातफरी का माहौल हो गया। कोहनी में गोली लगने से युवक निखिल घायल हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बाबत जानकारी की और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो सगे भाइयों के खिलाफ जानलेवा हमला और मारपीट समेत अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा है। बता दें कि मोहल्ला बड़ा महादेव निवासी गोपीराम चार भाई हैं। बड़ा बाजार में पुरानी सब्जी मंडी वाली जगह है। जिसका बंटवारा भी हो गया है। वहीं भूमि पर चारों भाइयों ने एक-एक दुकान बनाई है। शनिवार की सुबह नौ बजे करीब गोपीराम का बेटा निखिल गुप्ता अपनी दुकान में शटर लगवा रहा था। आरोप है कि वहां निशांत गुप्ता और प्रशांत गुप्ता दो भाई पहुंच गए और शटर लगाने का विरोध करने लगे। इसी बात पर कहासुनी के साथ मारपीट हो गई।
निखिल का आरोप है कि इसी दौरान निशांत गुप्ता ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके बाएं हाथ की कोहनी के पार निकल गई। इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। जबकि मारपीट में निखिल पक्ष के अर्पित गुप्ता को भी चोट आई है। वहीं गोली चलने से बाजार में अफरातफरी मच गई।
सूचना पाकर कोतवाल अनुज कुमार तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के बाबत जानकारी ली। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने प्रशांत गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने धर्मेंद्र गुप्ता निवासी बड़ा महादेव की तहरीर के आधार पर बड़ा बाजार निवासी निशांत गुप्ता और प्रशांत गुप्ता के खिलाफ जानलेवा हमला व मारपीट की गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।