फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्यार करने पर मार डाला: भाई ने पहले समझाया, फिर सुबह गोली मारकर कत्ल; मां बोली- बात बंदकर देती तो न जाती जान

Sat, 13 Jun 2026 12:29 PM IST
Akash Dubey अमर उजाला नेटवर्क, गुन्नौर (संभल)

सार

गुन्नौर में भाई सनी मोहम्मद ने बहन मुस्कान की प्रेम संबंधों से नाराज होकर शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की है।
विज्ञापन
मुस्कान हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के संभल के गुन्नौर में बहन के प्रेम संबंधों की जानकारी से भड़के युवक ने बहन के सिर में गोली मारकर जान ले ली। शुक्रवार सुबह आरोपी ने तमंचे से वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब बहन सो रही थी और मां मजदूरी करने के लिए खेत पर गई थीं।

विज्ञापन



गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैंजना मुस्लिम में 18 वर्षीय मुस्कान की उसके घर में ही हत्या कर दी गई। मुस्कान की मां परवीन ने बताया कि शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे वह खेत से लौटीं तो बेटी चारपाई पर मृत मिली, उसके सिर से खून बह रहा था। नजदीक जाकर देखा तो सिर के पिछले हिस्से में गोली लगी हुई थी।

परवीन के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे जब वह मजदूरी के लिए खेत पर गई थी तो मुस्कान और उससे बड़े बेटे सनी मोहम्मद को घर में सोता छोड़ गई थी। लौटने पर बेटे की चारपाई खाली थी और वह घर में नहीं था। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों ने गायब सनी की तलाश शुरू की लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना दी गई। परवीन से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि उन्होंने बेटे के हाथों बेटी की हत्या की बात कही है। इस आशय की तहरीर भी दी है। 

पुलिस के मुताबिक, मुस्कान गांव के ही दो युवकों से बातचीत करती थी। इनमें से एक उसका रिश्ते का भाई है। इससे नाराज सनी ने बहन को पहले डांटा था। इसके बाद भी उसकी बातचीत जारी रही तो आरोपी ने अकेला पाते ही हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे एएसपी मनोज कुमार रावत ने मृतका की मां और आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही भागे आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

पिता का 15 साल पहले हो चुका है इंतकाल
ग्रामीणों ने बताया कि परवीन के पति सफी मोहम्मद का करीब 15 साल पहले इंतकाल हो चुका है। परवीन के तीन बेटे हैं। आरोपी सनी गांव में रहता है, जबकि दो बेटे बाहर मजदूरी करते हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। सनी किसी सैलून में बारबर का काम करता है।

मां बोली, प्रेमी से बात बंद कर देती मुस्कान तो नहीं जाती जान
बेटी की हत्या के बाद मां परवीन ने कहा कि बेटी मुस्कान का गांव के ही युवक के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी होने पर उसने और उसके बेटे ने मुस्कान को समझाने का काफी प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं मानी। वह अपने रिश्ते के भाई से भी लगातार चोरी चुपके फोन पर बात करती रही। जब बार-बार समझाने पर भी मुस्कान नहीं मानी तो उसने सुबह उठते ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। परवीन कहती हैं कि उन्हें यह पता नहीं था कि बेटा सनी मुस्कान की हत्या कर देगा। काश मुस्कान समझाने पर बात मान जाती और प्रेमी से बात करना बंद करती तो शायद उसकी जान नहीं जाती।

तीन महीने से गांव में हेयर कटिंग का काम कर रहा था आरोपी सनी
परवीन के पांच बच्चों में तीन बेटे व दो बेटियां थीं। इनमें बड़े बेटे सोनू और बड़ी बेटी रुखसाना की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दो बेटे बाहर रहकर काम करते हैं। आरोपी सनी मुंबई के पुणे में वेल्डिंग करने का काम करता था। वह तीन महीने पूर्व गांव आया था और उसने बारबर की दुकानों पर हेयर कटिंग का काम शुरू कर दिया था और गांव में ही काम कर रहा था।

सुबह की घटना और शाम को चार बजे दी गई पुलिस को सूचना
परवीन सुबह घर से गई और 11 बजे जब खेत से वापस लौटी, तो बेटी का शव चारपाई पर पड़ा था। इस बारे में गांव के लोगों को बताया, लेकिन जुमे की नमाज के बाद इस बारे में चौकी इंचार्ज जगन्नाथपुर को शाम करीब चार बजे घटना की सूचना दी गई थी। इसके बाद थाना पुलिस संग फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। बाद में एएसपी मनोज कुमार रावत ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से भी घटना के बारे में जानकारी की।
विज्ञापन

गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतका की मां परवीन की ओर से बेटे के खिलाफ दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी सनी मोहम्मद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा भेजा जा चुका है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जाकर घटना स्थल और आसपास के नमूने लिए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें