बहजोई। बंटवारे की जमीन के विवाद में भाई ने भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने घायल युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पूरे मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर की है।
शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर में देर शाम जमीन बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। फायरिंग हुई। इसमें एक भाई सतेंद्र सिंह पुत्र जोगेंद्र पाल घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी धनवान सिंह ने बताया कि पूरे मामले में घायल सतेंद्र सिंह ने तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया कि उसका भाई दिनेश उसके हिस्से की जमीन उसे नहीं दे रहा है। शुक्रवार को उसने अपने हिस्से की जमीन जोत ली और शाम 8 बजे करीब खेत से घर आ रहा था। तभी रास्ते में उसके भाई ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध किया तो उसने तमंचे से फायर कर दिया। इसमें वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी दिनेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।