सिंचाई विभाग के कार्यालय में विद्युत लाइन पर गिरा पेड़।
- फोटो : अमर उजाला
आंधी से मौसम का मिजाज बदल गया। आंधी के कारण 150 बिजली लाइनें क्षति ग्रस्त हुईं । 650 खंभे टूटे। शहर की बिजली आपूर्ति को 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुचारुकिया जा सके। जबकि 396 से अधिक गांवों के घरों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली विभाग के कर्मचारी आंधी में हुए नुकसान का आंकड़ा जुटाने में जुटे है।
शहर के मोहल्ला चौधरी सराय, हयातनगर, मुरादाबाद रोड पर करीब एक दर्जन बिजली के खंभे टूटे मिले। तेज आंधी के कारण जिले भर के 19 सब स्टेशनों से जुड़े सभी फीडर प्रभावित हुए हैं। संभल शहर में 28 फीडरों पर 12 घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति को ठीक कराया जा सका, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली कर्मियों ने बताया कि तेज आंधी के दौरान कई पेड़ टूट कर गिरे। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
इससे बिजली लाइनों को ठीक करने में दिक्कत आ रही है। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी के कारण ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के तार टूटने और खंभे टूटने के आंकड़ों का पता करने के लिए कर्मचारी दिन भर ग्रामीण क्षेत्र में दौरा करते दिखे। आंकड़े जुटने के बाद नए खंभों को लगाया जाएगा। कितने दिन और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अंधेरे से छूटकारा मिलेगा, इसका जवाब विभाग के अधिकारी देने को तैयार नहीं है।