कुढ़फतेहगढ़ के गांव मुमरेजपुर में घटनास्थल पर पुलिस बल के साथ जाते एएसपी।
- फोटो : CHANDAUSI
कुढ़फतेहगढ़ (संभल)। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुमरेजपुर के बाहरी हिस्से में एक युवक का शव पेड़ से बंधे फंदे पर लटका मिला। करीब 50 मीटर दूर खेत में युवती का शव पड़ा था। दोनों में नजदीकियां थीं। कुछ ग्रामीण ऑनर किलिंग का शक जता रहे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रेम में विफलता पर दोनों ने आत्महत्या की है।
शनिवार की सुबह करीब सात बजे खेत पर काम करने जा रहे ग्रामीणों ने किसान देवेंद्र सिंह के खेत में पेड़ पर चुनरी से बंधे फंदे से गांव के ही रहने वाले बबलू उर्फ रोहित (20) का शव लटके देखा। कुछ देर में मौके पर भीड़ जुट गई और लोग बबलू के गांव की युवती मीनू उर्फ बबिया (18) से प्रेम संबंधों की चर्चाएं करने लगे। इन चर्चाओं पर विराम लगने से पहले दोपहर करीब 12:30 बजे घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर गेहूं के खेत में बिछे गद्दे पर मीनू उर्फ बबिया (18) का शव पड़ा मिला। शव के ऊपर शॉल पड़ी थी। पास में जहरीले कीटनाशक की गोलियां और एक थैली में गोलगप्पे, समोसे पड़े थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मौके से कुछ नमूने लिए। एएसपी आलोक जायसवाल, सीओ अशोक कुमार ने मौका मुआयना किया।
पुलिस ने बताया कि मीनू के पिता ने शुक्रवार की रात रोहित के खिलाफ अपनी बेटी को भगाकर ले जाने की तहरीर पुलिस को दी थी। दूसरी ओर युवक की मां ने युवती के घर वालों पर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया। हालांकि रात तक दोनों परिवारों में से किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी।
पुलिस ने एक दिन पहले युवती के परिवार से मिली तहरीर के आधार पर दोनों मृतकों के भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद रात में दोनों को छोड़ दिया। सीओ अशोक कुमार का कहना है कि लोगों से पूछताछ और शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात स्पष्ट हुई है। परिजनों के विरोध के चलते दोनों ने आत्महत्या की है।