मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव बमनेटा के निकट पुलिस कार ने 12 वर्षीय बालक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एडीएम और भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान करीब पौन घंटे तक जाम लगा रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रविवार को शाम करीब पौने आठ बजे मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई-चंदौसी के बीच गांव बमनेटा के निकट एक पुलिस कार की टक्कर से 12 वर्षीय बालक त्रिभवन पुत्र पीतम निवासी गांव बमनेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन घायल को उपचार के लिए चंदौसी ले जाया गया, जहां से घायल बालक को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजनों का कहना था कि बालक हाईवे किनारे स्थित अपने पिता के होटल से गांव में घर जा रहा था कि तभी हादसा हो गया। इस बीच परिजनों व ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पर करीब साढ़े आठ बजे एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी व एएसपी आलोक कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह ने भी ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीण माने। इस दौरान करीब पौने घंटे तक जाम लगा रहा। एएसपी ने बताया कि पुलिस वाहन समेत चालक हिरासत में है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।