चंदौसी लक्ष्मणगंज स्थित बावड़ी पर तोड़ा गया निर्माण कार्य
- फोटो : अमर उजाला
मुस्लिम बहुल मोहल्ला लक्ष्मणगंज में बावड़ी की खोदाई का कार्य शुक्रवार को भी बंद रहा। हालांकि एक दो दिन में बारिश की संभावना को लेकर बावड़ी में पानी भरने की आशंका को लेकर बाउंड्री का निर्माण कराया गया जिससे बावड़ी को टीन और फाइबर से ढका जा सके। लेकिन शाम को एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर बाउंड्री ध्वस्त करा कर बावड़ी को तिरपाल से ढकवाकर बारिश के पानी से सुरक्षित कर दिया।
बता दें कि दो जनवरी को बावड़ी में कुआं स्थल की खोदाई के दौरान गैस निकलने के बाद एएसआई ने खोदाई का कार्य रुकवा दिया था। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुरादाबाद की टीम ने गैस की जांच की। प्रथमदृष्टया जहरीली गैस होने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि अभी मशीन से की गई वायु गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया गया है। दो जनवरी से ही बावड़ी की खोदाई का कार्य बंद है। वहीं मौसम विभाग ने एक-दो दिन में बारिश की संभावना जताई है। जिससे शुक्रवार की सुबह 10 बजे नगर पालिका परिषद की लेवर मौके पर पहुंची और बावड़ी पहुंची। बावड़ी में बारिश का पानी न भर सके। इसकी रोकथाम के लिए बावड़ी के खुले हिस्सों के ऊपर दो फीट तक बाउंड्री निर्माण का कार्य किया गया। बताया कि खुले स्थानों को टीन व फाइबर से ढक दिया जाएगा। शाम छह बजे एसडीएम निधि पटेल और तहसीलदार धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और बाउंड्री तुड़वा कर बावड़ी के खुले हिस्सों को तिरपाल से ढकवा कर बारिश के पानी से सुरक्षित कराया।
डीएम ने ईओ को लगाई फटकार, टीन शेड लगाने के दिए निर्देश
शाम करीब साढ़े छह बजे के बाद डीएम राजेंद्र पैंसिया बावड़ी पहुंचे और मुआयना किया। इस दौरान बावड़ी के ऊपर पड़ा मलबा न उठने और टीन शेड नहीं लगाने पर ईओ कृष्ण कुमार सोनकर की जम कर फटकार लगाई। शनिवार तक कार्य पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बावड़ी की जद में आए मकान पर चस्पा किया नोटिस, एक घंटे बाद ही खाली करवाया
बावड़ी को अस्तित्व में लाने के लिए दो जनवरी से खोदाई का कार्य बंद है। इसी बीच एक मकान बावड़ी की जद में आ गया है। जिसको खाली कराने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा चस्पा किए गए नोटिस पर एक घंटे बाद ही प्रशासन अलर्ट हो गया और मौके पर पहुंच कर मकान खाली करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के भय से पीड़ित परिवार मुआवजे की गुहार भी लगाता रहा। प्रशासन की सख्ती के सामने पीड़ित परिवार तत्काल मकान खाली करने के लिए खाली प्लाट और पास पड़ोस के घरों में सराहा लेने के लिए मजबूर हो गया।
बताया जाता है कि बावड़ी का प्रवेश द्वार एक मकान के नीचे आ रहा है। जिससे नगर पालिका परिषद की ओर से शुक्रवार को शाम पांच बजे गुलनवाज बी पत्नी स्व. यूसुफ सैफी के मकान पर नोटिस चस्पा कर चौबीस घंटे में मकान खाली करने के निर्देश दिए। शाम छह बजे एसडीएम निधि पटेल और तहसीलदार धीरेंद्र सिंह टीम साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी भी बुला ली गई। मकान स्वामिनी से तत्काल मकान खाली करने के आदेश दिए। अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी। कार्रवाई के भय से परिवार ने मकान खाली करना शुरु कर दिया। आनन-फानन में खाली प्लाट और पास पड़ोस के घरों में सामान रख कर आसरा लिया। गुलनवाज बी के बड़े बेटे शाकिब ने बताया कि वह दो भाई और दो बहन हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। वह कारपेंटर और मां सिलाई का काम कर गुजर बसर कर रहे हैं। उसके पिता ने वर्ष 2017 में मकान निर्माण कराया था। अब कोई आसरा भी नहीं है। प्रशासन को आर्थिक मदद करनी चाहिए।
बावड़ी के ऊपर एक मकान बना हुआ है, जिसके बारे में मकान स्वामी को 20-25 दिन पहले अवगत करा दिया गया था। मकान स्वामी ने खुद मकान तोड़ने की बात कही थी। इनका बैनामा भी गलत पाया गया। फिलहाल प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में नाम दे दिया गया है। जल्दी ही कार्य शुरु करा कर बावड़ी को सुंदर रुप दिया जाएगा।
-राजेंद्र पैंसिया, डीएम।