फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: जनेटा शरीफ उर्स को लेकर एसडीएम के समक्ष पेश हुए दोनों पक्ष, फैसला सुरक्षित

विज्ञापन
संभल के चंदौसी के दरगाह जनेटा शरीफ पर उर्स की अनुमति न मिलने पर प्रसाद की दुकानों पर लगी अकीदत
विज्ञापन
चंदौसी(संभल)। तहसील क्षेत्र के जनेटा शरीफ के मैदान में बृहस्पतिवार से लगने वाले उर्स मेले की अनुमति के मामले में दोनों पक्ष अपने-अपने अधिवक्ता के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपने-अपने पक्ष रखे। एसडीएम आशुतोष तिवारी ने दोनों पक्षों से सुनकर फैसला सुरक्षित रख लिया है। वहीं मामले की पुन: जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन

बता दें कि गांव जनेटा शरीफ के मैदान में लंबे समय से तीन दिवसीय सालाना उर्स का आयोजन किया जाता रहा है। पिछले वर्ष गांव के ही जावेद खान ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर कहा था कि कुछ लोग बिना अनुमति के लंबे समय से उर्स का आयोजन करते आ रहे हैं। सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामला संज्ञान आने पर भूमि की पैमाइश करा कर उर्स मेले पर रोक लगा दी थी। इस वजह से पिछले वर्ष उर्स नहीं लग सका था।
इस वर्ष आज बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय उर्स का आयोजन किया जाना है। उर्स की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। उर्स की अनुमति के लिए जनेटा शरीफ उर्स पक्ष के लोगों ने एसडीएम कार्यालय में बुधवार को आवेदन किया था। इस पर जावेद खान ने आपत्ति दाखिल कर दी। बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष अपने-अपने अधिवक्ता के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम के समक्ष अपना-अपना पक्ष रखा।
विज्ञापन

उर्स कमेटी पक्ष से अधिवक्ता अमर सिंह यादव तथा आपत्ति करने वाले जावेद खान पक्ष से अधिवक्ता काविंद्र सिंह, छत्रपाल सिंह यादव ने साक्ष्य प्रस्तुत किए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद एसडीएम आशुतोष तिवारी ने फैसला सुरक्षित करते हुए पुन: जांच के आदेश दिए हैं।
इस दौरान उर्स मेला कमेटी पक्ष से कारी मो. वसी असरफ शहर मुफ्ती, मुफ्ती मो. आलम मुफ्ती आजम सिरसी, मुफ्ती अलाउद्दीन मुफ्ती आजम संभल, कारी मो. तनजीम अशरफ, नजरीम आला सुन्नी मरकत संभल, जिलाउल हसन संभल, अकरम मियां आदि थे।
-
जनेटा शरीफ उर्स की अनुमति के मामले में दोनों पक्षों को सुना गया है। पुन: जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
- आशुतोष तिवारी, एसडीएम चंदौसी।
-
उर्स मुबारक का शानो शौकत के साथ हुआ आगाज, पहुंचे अकीदतमंद
चंदौसी। तहसील क्षेत्र के गांव जनेटा की मशहूर दरगाह जनेटा शरीफ के सालाना चार रोजा उर्स मुबारक का बृहस्पतिवार को सुबह में फजर की नमाज के बाद खत्मे कलाम पाक की महफिल के साथ आगाज किया गया। सज्जादा नशीन ने उर्स की कामयाबी की दुआ कराई। मजारात पर चादरपोशी की गई। भारी संख्या में लोगों ने उर्स मुबारक में शिरकत की।
गांव जनेटा के सालाना उर्स की शुरुआत बृहस्पतिवार को निहायत शानो शौकत के साथ की गई। अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाजिर होकर मजारों पर चादरपोशी करने के बाद दुआएं मांगी। उर्स के पहले दिन दोपहर में जोहर की नमाज के बाद सैय्यद गौस मोहम्मद उर्फ हजरत सैय्यद नौशे मियां रहमतुल्लाह अलैह का कुल शरीफ अदा किया गया। सलातो सलाम के नजराने पेश किए गए। शाम को मगरिब की नमाज के बाद हजरत मोती मियां रहमतुल्लाह अलैह का कुल शरीफ की महफिल सजाई गई। इशा की नमाज के बाद उलमा इकराम की तकरीर का प्रोग्राम हुआ। सज्जादा नशीन हजरत सैय्यद शाहिद मियां कादरी नौशाही ने देश और कौम की कामयाबी की दुआ कराई। इस अवसर पर डॉ. सैय्यद अकरम मियां, नायब सज्जादा नशीन सैय्यद सामी मियां, सैय्यद आमिर मियां, हाफिज मोहम्मद एजाज, मोहम्मद हफीज, आसिफ चौधरी, मोहम्मद हस्सान, मुस्तकीम सलमानी आदि उपस्थित रहे। उर्स में शामिल होने के लिए दूर दराज क्षेत्रों से जायरीन के आने का सिलसिला जारी है। संवाद

संभल के चंदौसी के दरगाह जनेटा शरीफ पर उर्स की अनुमति न मिलने पर प्रसाद की दुकानों पर लगी अकीदत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें