बबराला(संभल)। बृहस्पतिवार को भाई के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे धनारी थाना क्षेत्र के गांव भकरौली निवासी अरविंद (20) का शव दूसरे दिन शुक्रवार को गंगा में मिला। शव घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भकरौली निवासी अरविंद हरियाणा में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन दिन पहले गांव आया था और बृहस्पतिवार को वापस हरियाणा जाने की तैयारी कर रहा था। शाम करीब पांच बजे उसने अपने मझले भाई अमित से गंगा स्नान करने की इच्छा जताई, जिसके बाद दोनों राजघाट गंगा घाट पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, घाट पर पहुंचकर अरविंद ने अमित से कहा कि वह रेलवे पुल पर जाकर वीडियो और फोटो बनाएगा। इसके बाद वह पुल पर चढ़ गया और गंगा में छलांग लगा दी। यह देखकर अमित ने शोर मचाया। सूचना पर स्थानीय गोताखोर और पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई, लेकिन पहले दिन युवक का पता नहीं चल सका।
बाद में एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। शुक्रवार को टीम ने घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर गंगा से युवक का शव बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी नितेश सहरावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।