गांव आटा के पास राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने रविवार को झाड़ियों में युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखकर राहगीर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। आसपास तलाश करने पर पुलिस को शव के पास खून से सना जूट का बैग व ऊनी बेडशीट पड़ी मिली। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान नहीं मिले, जिससे प्रतीत होता है कि हत्या किसी दूसरी जगह करने के बाद शव यहां पर फेंका गया है। युवक नीले रंग का अंडरवियर और पीले रंग की शर्ट पहने था। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
हाईवे किनारे झाड़ियां में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। हाईवे किनारे आटा मॉल से लेकर मझावली मील तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है। शनिवार की रात 12 बजे से लेकर सुबह चार बजे के मध्य हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे की जद में आए सभी संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
रंजिश या अवैध संबंधों में हत्या होने का अनुमान
बनियाठेर क्षेत्र में हाईवे किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला है। घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी की है। युवक की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। शिनाख्त होने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। - कुलदीप सिंह, एएसपी, संभल।