चंदौसी/धनारी। धनारी थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर केे नजदीक कच्चे रास्ते पर बाइक सवार बदमाशों ने बाइक सवार दंपती के साथ हथियारों के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया है। घटना उस समय हुई जब युवक अपनी पत्नी को लेकर बदायूं जिला स्थित ससुराल जा रहा था। दंपती के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं दूसरी ओर दंपती के साथ हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने कॉबिंग की।
मंगलवार की शाम करीब पांच बजे गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरौराकाजी निवासी विपिन कुमार अपनी पत्नी राजकुमारी को लेकर बदायूं जिले के थाना जरीफनगर अंतर्गत गांव सुल्तानपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही धनारी थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर के नजदीक पहुंचे तो एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने बाइक ऑवरटेक कर रोक ली। तमंचे दिखाते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया। महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी राजकुमारी के सोने-चांदी के पांच जेवर लूटे हैं। साथ ही पति की जेब में रखे पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन भी लूट लिया और मौके से भाग गए।
बदमाशों के जाने के बाद दंपती ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद धनारी थानाध्यक्ष धीरेंद्र गंगवार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही बदमाशों को पकड़ने के लिए कॉबिंग कराई लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पीड़ित दंपती ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। इस घटना में करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं धनारी के थानाध्यक्ष धीरेंद्र गंगवार ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। जांच पड़ताल की गई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।