सरायतरीन। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव चिरौली भगवंतपुर के जंगल में खूंखार कुत्तों ने घेरकर हमला करते हुए काले हिरण को गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसानों ने काले हिरण को बमुश्किल बचाया और सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर आई पशुपालन विभाग की टीम ने काले हिरण का उपचार कर वन विभाग की टीम को सौंप दिया।
गांव चिरौली भगवंतपुर के जंगल में शुक्रवार को सुबह काले हिरण पर खूंखार कुत्तों ने धान की फसल में घेरकर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। किसानों ने बमुश्किल काले हिरण को खूंखार कुत्तों से बचाया लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणाें की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशुपालन विभाग को जानकारी दी। वन विभाग की टीम उपचार के बाद काले हिरण को गांव भवानीपुर में स्थित वन विभाग की पौधशाला ले गई।
डीएफओ प्रीति यादव ने बताया कि हिरण को उपचार के बाद गांव भवानीपुर की पौधशाला लाया गया है। शनिवार को फिर से उपचार के बाद अगर स्थिति ठीक रहती है तो काले हिरण को जंगल में छोड़ा जाएगा। संवाद